जगदलपुर में 14 फरवरी शनिवार शाम ट्यूशन से घर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई की तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुई मौत के मामले में बोधघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक व्ही गिरी कुमार को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी अपनी Hyundai Motor Company की क्रेटा कार को कहीं छिपाकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर उसे दबोच लिया। हालांकि कड़े कानूनी प्रावधान नहीं होने के चलते आरोपी को थाने से ही जमानत मिल गई, जिसने परिजनों के दुख और आक्रोश को और बढ़ा दिया। परिजनों का कहना है कि अगर आरोपी थोड़ी भी इंसानियत दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचा देता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। आरोपी के प्रति परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार आकाश नगर, राजीव गांधी वार्ड निवासी छात्र प्रतिदिन की तरह शाम करीब 5:45 बजे ट्यूशन से अपने अस्थायी निवास एमपीएम अस्पताल के सामने लौट रहा था और अपने तीन दोस्तों के साथ साइकिल से एलआईसी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान धरमपूरा क्रमांक-1 बाजार शेड की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे एमपीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

0 Comments